पूरनपुर में 5000 फर्जी मतदाताओं पर बवाल, सपा नेता राजकुमार राजू के नेतृत्व में निष्पक्ष जांच की मांग
PNN24
फोटो - सपा युवाजन सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष 'राजकुमार उर्फ राजू' के नेतृत्व में सपाइयों ने पूरनपुर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
PNN24/ब्यूरो रिपोर्ट
पूरनपुर, पीलीभीत।उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले की विधानसभा क्षेत्र 129-पूरनपुर में मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। समाजवादी पार्टी ने दावा किया है कि क्षेत्र की विभिन्न बूथों की मतदाता सूचियों में करीब 5000 संदिग्ध एवं कथित रूप से फर्जी मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। इस गंभीर मामले को लेकर सपा ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के नाम एक विस्तृत ज्ञापन उपजिलाधिकारी पूरनपुर मयंक गोस्वामी को सौंपा है और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
यह ज्ञापन समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह “जग्गा” के निर्देश पर सौंपा गया। कार्यक्रम का नेतृत्व समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजकुमार “राजू” ने किया, जबकि अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने की।
👉लोकतंत्र की बुनियाद पर सवाल*
ज्ञापन में समाजवादी पार्टी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है। यदि किसी भी स्तर पर अपात्र अथवा गलत तरीके से मतदाताओं के नाम दर्ज किए गए हैं तो यह न केवल चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि पात्र मतदाताओं के संवैधानिक अधिकारों का भी हनन है। नेताओं ने मांग की है कि संबंधित क्षेत्रों की मतदाता सूची का गहन सत्यापन, डोर-टू-डोर वेरिफिकेशन कराया जाए तथा जांच में गलत पाए जाने वाले नामों के विरुद्ध निर्वाचन नियमों के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
👉सपा नेताओं ने क्या कहा
समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजकुमार “राजू” ने कहा “मतदाता सूची में गड़बड़ी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है। हमारे पास करीब 5000 संदिग्ध मतदाताओं से संबंधित प्रमाण, आधार और तथ्य हैं। कुछ नाम ऐसे हैं जो एक ही व्यक्ति के दो-दो जगह दर्ज हैं, तो कुछ ऐसे हैं जो क्षेत्र में रहते ही नहीं हैं। हमारी मांग किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए है। निर्वाचन आयोग पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सच्चाई सामने लाए।”
समाजवादी पार्टी के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने कहा “पूरनपुर विधानसभा में मतदाता सूची को लेकर जो तथ्य सामने आए हैं, उनकी निष्पक्ष जांच जरूरी है। किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटना या अपात्र व्यक्ति का नाम शामिल होना चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल खड़ा करता है। इसलिए प्रशासन और निर्वाचन विभाग को मामले को गंभीरता से लेकर जांच करानी चाहिए।”
सपा नेता कल्याण सिंह सरोज ने कहा “लोकतंत्र में एक-एक वोट की कीमत होती है। मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की अनियमितता को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उपलब्ध प्रमाणों के आधार पर निष्पक्ष जांच हो और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए। हमारा उद्देश्य स्वच्छ, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव व्यवस्था सुनिश्चित करना है।”
समाजवादी छात्र सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नोमान अली वारसी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा "इस तरह की धांधली किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि प्रशासन ने जल्द सुधार नहीं किया तो समाजवादी पार्टी सड़क पर उतरकर बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी।"
👉 सैकड़ों कार्यकर्ता रहे मौजूद।
ज्ञापन सौंपने के दौरान समाजवादी पार्टी का पूरा कुनबा मौजूद रहा। जिसमें प्रमुख रूप से ब्लाक अध्यक्ष नजमुल हसन खान, तुफैल खान, सतीश वर्मा, खुर्शीद एडवोकेट, इमरान वली खान, ओमकार भारती, अहीद खान, ओम शर्मा, उस्मान शाह, अमित वर्मा, याकूब अंसारी, ठाकुर प्रसाद, शिवम यादव, नसीरूद्दीन, वसीम खान, इमरान सलमानी जिला सचिव, मो. सरताज, के. नारायण मिश्रा एडवोकेट, बसंत भारती, अजयपाल, फाजिल खान, राम भरोसे, अजय सिंह चौहान आदि सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। फिलहाल उपजिलाधिकारी ने ज्ञापन लेकर निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। अब देखना होगा कि निर्वाचन विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।
--------


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें